Home Chandigarh पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में बवाल, लॉ डिपार्टमेंट में छात्रों और पुलिस...

पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में बवाल, लॉ डिपार्टमेंट में छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की

August 31,2026 Fact Recorder

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) और शहर के उससे संबद्ध कॉलेजों में सोमवार, 31 अगस्त को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान जारी है। इसी बीच पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ डिपार्टमेंट में छात्रों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई।

जानकारी के मुताबिक, लॉ डिपार्टमेंट के बाहर कुछ छात्र PU प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कुछ छात्र दरवाजे को धक्का देकर अंदर जाने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच खींचतान और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

वोटिंग में गड़बड़ी के आरोप, छात्रों ने किया विरोध

बताया जा रहा है कि छात्रों ने मतदान प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और वोटिंग रोके जाने को लेकर विरोध जताया। हंगामे के दौरान पुलिस ने नारेबाजी कर रहे कुछ छात्रों को मौके से हटाया और अपने साथ ले गई।

छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बार 16 हजार से अधिक छात्र मतदान के लिए पात्र हैं। छात्र पहचान पत्र दिखाने के बाद पोलिंग बूथ में प्रवेश कर बैलेट पेपर के जरिए मतदान कर रहे हैं। चुनाव के लिए कुल 191 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

चार प्रमुख पदों के लिए हो रहा चुनाव

PU छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव—इन चार प्रमुख पदों के लिए मतदान हो रहा है। इन पदों के उम्मीदवारों की किस्मत बैलेट बॉक्स में बंद होगी और शाम को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

इस बार चारों पदों के लिए कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 4, उपाध्यक्ष के लिए 5, सचिव के लिए 3 और संयुक्त सचिव पद के लिए 4 उम्मीदवार शामिल हैं। कुल उम्मीदवारों में चार महिला प्रत्याशी भी हैं।

अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार आमने-सामने

अध्यक्ष पद के लिए SATH संगठन के दर्शनप्रीत सिंह, ABVP के अंकित विदान, ASAP के आदिल बराड़ और NSUI के गुरमन सिंह सिद्धू के बीच मुकाबला है।

इस बार ABVP और अकाली दल की छात्र इकाई SOI के बीच गठबंधन भी हुआ है। इस गठबंधन के बाद छात्रसंघ चुनाव को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

PU प्रशासन ने 20 अगस्त को छात्रसंघ चुनाव का कार्यक्रम जारी किया था। 24 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया हुई, जबकि 25 अगस्त को नामांकन की छंटनी और वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद करीब 10 दिनों तक चले चुनाव प्रचार में विभिन्न छात्र संगठनों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी।