Home Hindi Pakistan Cricket Team: 39 साल बाद फिर आया ऐसा दौर, जीत से...

Pakistan Cricket Team: 39 साल बाद फिर आया ऐसा दौर, जीत से ज्यादा हुई हार; इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास

August 31,2026 Fact Recorder

Sports Desk: टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में मिली करारी हार ने टीम के प्रदर्शन पर एक और सवाल खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान को लॉर्ड्स में 194 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ टीम ने टेस्ट क्रिकेट में 39 साल पुराना एक अनचाहा रिकॉर्ड फिर देख लिया है।

473 टेस्ट के बाद हार का आंकड़ा जीत से आगे

लॉर्ड्स टेस्ट पाकिस्तान का ओवरऑल 473वां टेस्ट मैच था। मुकाबला गंवाने के बाद पाकिस्तान के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में हार की संख्या जीत से ज्यादा हो गई है।

473 टेस्ट खेलने के बाद पाकिस्तान के नाम अब 153 जीत और 154 हार दर्ज हो चुकी हैं। यानी टेस्ट क्रिकेट में पहली बार 39 साल बाद ऐसा मौका आया है, जब पाकिस्तान की हार की संख्या उसकी जीत से अधिक हो गई है।

1987 में भी बने थे ऐसे हालात

पाकिस्तान के टेस्ट इतिहास में इससे पहले ऐसा आंकड़ा 1987 में देखने को मिला था। उस समय पाकिस्तान ने कुल 170 टेस्ट खेले थे। इनमें टीम को 39 मुकाबलों में जीत मिली थी, जबकि 40 टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा था।

इसके बाद पाकिस्तान ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया और लंबे समय तक उसकी जीत का आंकड़ा हार से आगे रहा। अब 39 साल बाद एक बार फिर टीम के रिकॉर्ड में हार का पलड़ा भारी हो गया है।

लॉर्ड्स में 194 रन से हारा पाकिस्तान

इंग्लैंड ने लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 389 रन का लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 194 रन पर सिमट गई।

दिलचस्प बात यह रही कि पाकिस्तान जितने रन पर आउट हुआ, उतने ही रन के अंतर से उसे मुकाबला भी गंवाना पड़ा। इंग्लैंड ने यह टेस्ट 194 रन से जीत लिया

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। वहीं लॉर्ड्स में यह इंग्लैंड की लगातार पांचवीं टेस्ट जीत रही।

बाबर आजम की वापसी भी नहीं आई काम

लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान के लिए बाबर आजम की भी वापसी हुई थी। टीम को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह दोनों पारियों को मिलाकर 14 रन से ज्यादा नहीं बना सके

लॉर्ड्स में बाबर आजम का पिछला रिकॉर्ड अच्छा रहा है और पाकिस्तान की टीम का भी इस मैदान पर इतिहास पूरी तरह खराब नहीं रहा। इसके बावजूद इस मुकाबले में इंग्लैंड के सामने पाकिस्तानी टीम संघर्ष करती नजर आई।

सीरीज जीत की उम्मीदों पर भी लगा ब्रेक

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में पाकिस्तान को पहले लीड्स में खेले गए टेस्ट में भी हार का सामना करना पड़ा था। अब लॉर्ड्स में लगातार दूसरी हार के बाद पाकिस्तान सीरीज में 0-2 से पिछड़ गया है।

इस नतीजे ने न सिर्फ सीरीज जीतने की उसकी उम्मीदें खत्म कर दी हैं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में टीम के मौजूदा प्रदर्शन पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पाकिस्तान के सामने अब सीरीज के बाकी मुकाबलों में वापसी करने और हार के इस सिलसिले को रोकने की चुनौती होगी।