August 30,2026 Fact Recorder
International Desk: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान में सहयोग के लिए भारत ने अपनी सहायता और तेज कर दी है। भारतीय वायु सेना (IAF) का C-130 विमान राहत सामग्री, खोज एवं बचाव उपकरण और विशेषज्ञ टीमों के साथ काठमांडू पहुंचा। यह नेपाल के लिए भारत की ओर से भेजी गई चौथी राहत उड़ान है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि भारतीय वायु सेना का C-130 विमान अतिरिक्त मानवीय सहायता लेकर नेपाल पहुंचा है। इस उड़ान में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, खोज और बचाव अभियानों को मजबूत करने के लिए जरूरी सामग्री और तकनीकी संसाधन भेजे गए हैं।
11 टन राहत सामग्री लेकर पहुंचा विमान
चौथी उड़ान के जरिए करीब 11 टन राहत सामग्री नेपाल भेजी गई है। इसमें कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट जैसी जरूरी वस्तुएं शामिल हैं।
इसके अलावा विमान में खोज एवं बचाव अभियान के लिए आवश्यक उपकरण, फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम और DNA जांच से संबंधित उपकरण भी भेजे गए हैं। इन संसाधनों का इस्तेमाल राहत अभियान को अधिक प्रभावी बनाने में किया जाएगा।
भारत अब तक हवाई मार्ग से करीब 68.5 टन राहत सामग्री नेपाल भेज चुका है। इसमें दवाएं, पोर्टेबल जनरेटर, खाद्य पैकेट, पानी शुद्ध करने वाली गोलियां और अन्य जरूरी तकनीकी उपकरण शामिल हैं।
क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को फिर से खड़ा करने में सहयोग
भारत केवल राहत सामग्री पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त नेपाल के बुनियादी ढांचे को बहाल करने में भी सहायता कर रहा है।
भारत की ओर से 230 फुट लंबे सिंगल-लेन मॉड्यूलर स्टील ब्रिज के निर्माण के लिए जरूरी उपकरण लेकर 16 ट्रक नेपाल पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही सात और बेली ब्रिज स्थापित करने के लिए आवश्यक उपकरण भी भेजे जाने की तैयारी है।
पुलों के निर्माण और स्थापना में सहायता के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें भी नेपाल भेजी जाएंगी।
पहले भी पहुंचाई गई थी बड़ी राहत सामग्री
भारत ने राहत अभियान की शुरुआत करते हुए IAF के C-130J हरक्यूलिस विमान से करीब 10 टन आपातकालीन राहत सामग्री नेपाल भेजी थी। इसमें अस्थायी आश्रय सामग्री, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और दवाएं शामिल थीं।
इसके बाद C-17 ग्लोबमास्टर विमान के जरिए करीब 37.5 टन अतिरिक्त राहत सामग्री नेपाल पहुंचाई गई। इस खेप में टेंट, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप, पानी निकालने वाले पंप, किचन सेट, जनरेटर, दवाएं और खाद्य सामग्री भेजी गई थी।
भारत की ओर से नेपाल को दी जा रही सहायता का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ-साथ खोज एवं बचाव अभियान और जरूरी बुनियादी ढांचे की बहाली में मदद करना है। भारत ने संकेत दिया है कि नेपाल के राहत और बचाव प्रयासों में उसका सहयोग आगे भी जारी रहेगा।













