August 27,2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में लंपी स्किन डिजीज (LSD) ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। पिछले पांच दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 48 मवेशियों में बीमारी के मामले सामने आए हैं। वहीं, संक्रमण के चलते चार मवेशियों की मौत होने की भी जानकारी है।
नादौन में सबसे अधिक मामले
पशुपालन विभाग के अनुसार, जिले के नादौन क्षेत्र में सबसे ज्यादा 12 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा भोरंज और सुजानपुर में दो-दो मामले दर्ज किए गए हैं। अन्य क्षेत्रों में भी बीमारी के लक्षण सामने आने के बाद विभाग ने निगरानी और उपचार की प्रक्रिया तेज कर दी है।
लंपी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिए विभाग को करीब 13,500 वैक्सीन की डोज उपलब्ध करवाई गई हैं। इन्हें पशु चिकित्सालयों और संबंधित केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में मवेशियों का समय पर टीकाकरण किया जा सके।
विभाग के मुताबिक, पिछले साल जिले में करीब 16 हजार मवेशियों का टीकाकरण किया गया था। इससे पहले वर्ष 2023 में बीमारी के बड़े प्रकोप के बाद भी व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया गया था।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
लंपी स्किन डिजीज से संक्रमित मवेशियों में बुखार, कमजोरी, त्वचा पर गांठें, भूख कम लगना और दूध उत्पादन में कमी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। गंभीर मामलों में पशु की हालत बिगड़ सकती है और उसकी मौत भी हो सकती है।
पशुपालकों से सतर्क रहने की अपील
पशुपालन विभाग हमीरपुर के सहायक निदेशक (परियोजना) डॉ. सतीश ने पशुपालकों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मवेशियों की नियमित जांच करते रहें और शरीर पर असामान्य गांठ, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क करें।
उन्होंने पशुपालकों से मवेशियों का समय पर टीकाकरण करवाने और बीमारी के लक्षण दिखने पर पशु को लेकर लापरवाही न बरतने की अपील की है।













