August 12 ,2026 Fact Recorder
National Desk: बिहार में अचानक बदले मौसम के बीच बिजली गिरने की घटनाओं ने कई परिवारों पर कहर बरपा दिया। बांका, लखीसराय, जमुई और नवादा में ठनका गिरने से कुल 12 लोगों की मौ*त हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। मृतकों में बड़ी संख्या में महिलाएं और खेतों में काम कर रहे मजदूर शामिल हैं। सरकार ने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
बांका में 5 लोगों की मौ*त
बांका जिले में ठनका गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई। चांदन के बोड़ा-सुईया गांव में धान की रोपनी कर रहीं कुशामी देवी, रेणु देवी और रिंकू देवी की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, परिजनों को खाना पहुंचाने गए दो बच्चे भी इसकी चपेट में आकर झुलस गए।
बौंसी के सिराय गांव में खेत की ओर जा रहे सुरेश यादव और सुफियाना खातून की भी ठनका की चपेट में आने से मौत हो गई। इस दौरान कई अन्य लोग झुलस गए।
लखीसराय और जमुई में भी हादसे
लखीसराय के चानन क्षेत्र में धान की रोपनी के दौरान बिजली गिरने से कोमल कुमारी और रुदा देवी की मौत हो गई, जबकि धनवंती देवी झुलस गईं। वहीं, संग्रामपुर के शिवडीह गांव की आंगनबाड़ी सहायिका अनुसूईया देवी की भी ठनका की चपेट में आने से मौत हो गई।
जमुई के सोनो प्रखंड के गौरवामटिहाना गांव में खेत में काम कर रही सास-बहू पर बिजली गिर गई। हादसे में 28 वर्षीय पूजा देवी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उनकी सास कविता देवी झुलस गईं।
नवादा में तीन मजदूरों की मौ*त
नवादा के रजौली थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम मौसम अचानक बिगड़ने के बाद खेत में धान की रोपनी कर रहे तीन प्रवासी मजदूर ठनका की चपेट में आ गए। हादसे में राजेंद्र कुमार, इंद्रजीत कुमार और मणी कुमार की मौत हो गई। ये सभी सीतामढ़ी जिले के रहने वाले बताए गए हैं और मजदूरी के लिए रजौली आए थे। हादसे में कुछ अन्य लोग भी झुलसे हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृ*तकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की मदद
लगातार हो रही इन घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने दुख जताया है। सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के आश्रित को 4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की गई है। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
मौसम विभाग की ओर से भी लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और ऊंची जगहों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।













