August 11, 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (STA) ने कैब और बाइक टैक्सी सेवा उपलब्ध कराने वाली इन ड्राइव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने इंड सिस्टम्स आईटी प्राइवेट लिमिटेड का एग्रीगेटर लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित कर दिया है। यह निलंबन 10 अगस्त 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
एसटीए सचिव नितिश सिंगला, पीसीएस की ओर से जारी सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, इन ड्राइव अब यूटी चंडीगढ़ की सीमा में कैब या बाइक टैक्सी सेवा संचालित नहीं कर सकेगी।
नोटिस में इन ड्राइव से जुड़े कैब मालिकों और ड्राइवरों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी कैब या बाइक टैक्सी को इंड सिस्टम्स आईटी प्राइवेट लिमिटेड के साथ अटैच करके संचालित न करें। इसके अलावा, इन ड्राइव ऐप के जरिए किसी भी राइड की बुकिंग स्वीकार करने पर भी रोक लगाई गई है।
उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
एसटीए ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले ऑपरेटरों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों का चालान करने के साथ उन्हें जब्त (इंपाउंड) भी किया जा सकता है।
लोगों से इन ड्राइव पर राइड बुक न करने की अपील
एसटीए ने आम लोगों को भी सलाह दी है कि वे इन ड्राइव ऐप के माध्यम से कैब या बाइक टैक्सी बुक न करें, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए एसटीए कार्यालय में पंजीकृत अन्य ऐप आधारित परिवहन सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।













