August 10 ,2026 Fact Recorder
Bollywood Desk: यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का ट्रेलर 8 अगस्त को रिलीज हो चुका है। ट्रेलर सामने आने के बाद यश के साथ-साथ कियारा आडवाणी के अभिनय की भी चर्चा हो रही है। इसी बीच कियारा के पति और अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी फिल्म के ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
फिल्म में यश और कियारा के कुछ इंटीमेट सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा और ट्रोलिंग भी देखने को मिली। हालांकि, सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इस पर किसी तरह की नाराजगी या जलन जाहिर करने के बजाय अपनी पत्नी के काम और मेहनत की तारीफ की।
सिद्धार्थ ने कियारा की जमकर तारीफ की
रविवार, 9 अगस्त को सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर शेयर किया। उन्होंने कियारा की मेहनत, लगन और जुनून की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी मेहनत बड़े पर्दे पर नजर आएगी।
सिद्धार्थ ने कियारा को संबोधित करते हुए लिखा कि उनकी मेहनत और जुनून फिल्म में दिखाई देगा और यह उनकी बेहतरीन फिल्मों में से एक हो सकती है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम के काम की भी सराहना की और 26 अगस्त को फिल्म देखने का इंतजार जताया।
यश ने भी कियारा के काम का किया बचाव
ट्रेलर लॉन्च के दौरान यश ने भी कियारा आडवाणी के प्रदर्शन की तारीफ की। फिल्म के गाने ‘तबाही’ में कियारा के लुक और परफॉर्मेंस को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आलोचना की थी। इसके बाद यश ने कियारा के समर्थन में बात रखी।
बेंगलुरु में हुए ट्रेलर लॉन्च के दौरान यश ने कहा कि कियारा ने फिल्म में जिस तरह का किरदार निभाया है, उससे उनके समर्पण का पता चलता है। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता को अपने काम पर भरोसा रखना चाहिए और आने वाली नकारात्मक टिप्पणियों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए।
यश ने कियारा की तारीफ करते हुए यह भी कहा कि वह बेहद मिलनसार और जमीन से जुड़ी हुई हैं। उनके मुताबिक, कलाकारों को अपने काम पर विश्वास रखना चाहिए और समय के साथ दर्शक उसकी सराहना जरूर करते हैं।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में यश और कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।













