31 July 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-1 जिला न्यायालय परिसर को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस, बम निरोधक दस्ते व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:35 बजे धमकी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया। इसके बाद न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, वकीलों और अदालत में आने वाले लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसी बीच फतेहाबाद जिला न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई है। वहीं गुरुग्राम जिला प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें जिला अदालत, डीसी कार्यालय और कई स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में 5 अगस्त को संसद को भी बम से उड़ाने की धमकी का उल्लेख किया गया है।
फिलहाल पुलिस, साइबर विशेषज्ञ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे ईमेल और कॉल की जांच में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, घबराएं नहीं और केवल प्रशासन तथा पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।













