31 July 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ नगर निगम की 363वीं हाउस मीटिंग शुक्रवार को मेयर सौरभ जोशी की अध्यक्षता में शुरू हुई। बैठक की शुरुआत शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, लेकिन इसके बाद मुफ्त पानी के मुद्दे पर सदन में जमकर हंगामा देखने को मिला।
मुफ्त पानी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद पोस्टर और तख्तियां लेकर वेल में पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
हंगामे के बीच मेयर सौरभ जोशी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने चुनाव के दौरान मुफ्त पानी देने का वादा किया था, इसलिए इस मुद्दे पर सांसद मनीष तिवारी से जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस की ‘बी विंग’ की तरह काम कर रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में आम आदमी पार्टी को पंजाब और चंडीगढ़ दोनों जगह हार का सामना करना पड़ेगा।
वहीं विपक्षी पार्षदों ने शहर में पेयजल आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर नगर निगम प्रशासन को घेरने की कोशिश की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच लगातार नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा।
नगर निगम की बैठक में शहर के विकास कार्यों से जुड़े कई अहम एजेंडों पर भी चर्चा की जा रही है। इनमें विभिन्न विकास परियोजनाओं, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक प्रस्तावों को मंजूरी देने से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ नगर निगम की हाउस मीटिंग में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामा कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी कई बैठकों में विभिन्न मुद्दों को लेकर राजनीतिक टकराव देखने को मिला है।













