Home Chandigarh LADC सिस्टम के विरोध में चंडीगढ़ बार एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल, 27...

LADC सिस्टम के विरोध में चंडीगढ़ बार एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल, 27 जुलाई से कोर्ट कार्य का पूर्ण बहिष्कार

27 July 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk:  जिला बार एसोसिएशन, चंडीगढ़ ने लीगल एड डिफेंस काउंसल (LADC) सिस्टम के विरोध में 27 जुलाई 2026 से अगली सूचना तक न्यायिक कार्यों के पूर्ण बहिष्कार का ऐलान किया है। यह फैसला एसोसिएशन की जनरल हाउस बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

एसोसिएशन द्वारा जारी नोटिस के अनुसार 27 जुलाई से सभी अधिवक्ता, जूनियर वकील और इंटर्न अदालतों में पेश नहीं होंगे और किसी भी प्रकार का कोर्ट कार्य नहीं करेंगे। संगठन ने सभी सदस्यों से एकजुटता और अनुशासन बनाए रखते हुए इस निर्णय का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।

बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई सदस्य स्वयं या अपने जूनियर अथवा इंटर्न के माध्यम से इस फैसले का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे सदस्य पर ₹2,500 का जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर उसकी जिला बार एसोसिएशन, चंडीगढ़ की सदस्यता भी समाप्त की जा सकती है।

हड़ताल के निर्णय को प्रभावी ढंग से लागू कराने और उसकी निगरानी के लिए एक विशेष कमेटी का गठन भी किया गया है, जो एग्जीक्यूटिव कमेटी के साथ मिलकर कार्य करेगी।

गठित निगरानी कमेटी में अशोक चौहान को अध्यक्ष, संदीप गुज्जर को उपाध्यक्ष, अमीश शर्मा को सचिव, उज्जवल भसीन को कोषाध्यक्ष तथा एन.के. नंदा, मलकीत सिंह जंडियाला और एन.के. कपिल को सदस्य बनाया गया है।

बार एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव कमेटी ने सभी सदस्यों से जनरल हाउस के निर्णयों का कड़ाई से पालन करने और संगठन की एकता बनाए रखने की अपील की है।