13 July 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर जारी विवाद के बीच फिल्म के निर्माता और निर्देशक से फिल्म में दिखाए गए 25 हजार लापता लोगों के दावे के समर्थन में दस्तावेजी साक्ष्य और आधिकारिक रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की है।
बिट्टू ने कहा कि यदि फिल्म निर्माता इस आंकड़े के समर्थन में प्रमाण पेश करते हैं, तो वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे। वहीं, यदि ऐसा नहीं किया जाता तो वह आगे की कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब के दर्दनाक इतिहास को किसी एक दृष्टिकोण या विचारधारा के आधार पर पेश नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि यदि फिल्म में दिखाए गए आंकड़े केवल अनुमान या आरोपों पर आधारित हैं, तो उन्हें तथ्य के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं है।
रवनीत बिट्टू ने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म में आतंकवाद के दौर के इतिहास को एकतरफा तरीके से दिखाया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि उस दौर में मारे गए निर्दोष हिंदुओं, बस यात्रियों, दुकानदारों, सरकारी कर्मचारियों, मजदूरों और अन्य आम नागरिकों की घटनाओं को फिल्म में क्यों नहीं दिखाया गया।
फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर पंजाब में पहले से ही बहस जारी है और इस मुद्दे पर अलग-अलग पक्ष अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।













