9 July 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने गुरुवार को एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के अधिकारियों का बड़े स्तर पर तबादला आदेश जारी किया। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कुल 61 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें 21 IAS और 40 IPS अधिकारी शामिल हैं। यह बदलाव दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गोवा, मिजोरम, पुडुचेरी, अरुणाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार जैसे राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में किया गया है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, इन तबादलों का उद्देश्य प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पद पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
चंडीगढ़ से तीन IPS अधिकारियों का तबादला
ताजा आदेश के तहत चंडीगढ़ में तैनात तीन IPS अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है।
- 2015 बैच के IPS मंजीत को चंडीगढ़ से दिल्ली भेजा गया है।
- 2015 बैच की IPS गीतांजलि खंडेलवाल का भी तबादला चंडीगढ़ से दिल्ली किया गया है।
- 2021 बैच की IPS के.एम. प्रियंका को चंडीगढ़ से जम्मू-कश्मीर भेजा गया है। गौरतलब है कि के.एम. प्रियंका को मई 2025 में दिल्ली से चंडीगढ़ नियुक्त किया गया था।
चंडीगढ़ को मिले दो नए IPS अधिकारी
गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार चंडीगढ़ में दो नए IPS अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
- 2014 बैच के IPS राजेश कुमार शर्मा को जम्मू-कश्मीर से स्थानांतरित कर चंडीगढ़ भेजा गया है।
- 2018 बैच के IPS विनीत कुमार को दिल्ली से तबादला कर चंडीगढ़ में तैनात किया गया है।
इस फेरबदल के बाद चंडीगढ़ पुलिस प्रशासन को दो नए वरिष्ठ IPS अधिकारियों की सेवाएं मिलेंगी।
पूरी तबादला सूची जारी
गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में एजीएमयूटी कैडर के सभी 21 IAS और 40 IPS अधिकारियों की नई नियुक्तियों का विस्तृत विवरण शामिल है। संबंधित अधिकारी अब अपने नए कार्यस्थलों पर जल्द कार्यभार संभालेंगे।













