Home Hindi Korean Glass Hair Trend: घर पर पाएं कोरियन जैसे सिल्की और शाइनी...

Korean Glass Hair Trend: घर पर पाएं कोरियन जैसे सिल्की और शाइनी बाल, अपनाएं ये आसान 6 स्टेप्स

3 July 2026 Fact Recorder

Lifestyle Desk:  कोरियन ब्यूटी ट्रेंड्स दुनियाभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। ग्लास स्किन के बाद अब कोरियन ग्लास हेयर का ट्रेंड लोगों को आकर्षित कर रहा है। ग्लास हेयर का मतलब ऐसे बालों से है जो बेहद स्मूद, सिल्की और इतने चमकदार हों कि उन पर रोशनी शीशे की तरह रिफ्लेक्ट हो। अच्छी डाइट और नियमित देखभाल के साथ सही हेयर केयर रूटीन अपनाकर इस लुक को पाया जा सकता है।

1. डबल क्लींजिंग से करें शुरुआत

सबसे पहले स्कैल्प को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है। इसके लिए पहले ऑयल-बेस्ड क्लींजर से स्कैल्प की गंदगी और अतिरिक्त तेल हटाएं। इसके बाद सल्फेट-फ्री शैंपू से बाल धोएं। यह तरीका प्रदूषण और स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स की गंदगी को प्रभावी ढंग से साफ करता है।

2. कंडीशनर लगाना न भूलें

बाल धोने के बाद उनकी लंबाई पर कंडीशनर जरूर लगाएं। इससे बालों के क्यूटिकल्स स्मूद होते हैं, नमी बनी रहती है और बाल कम फ्रिजी होकर ज्यादा चमकदार दिखाई देते हैं।

3. हफ्ते में एक बार करें डीप कंडीशनिंग

सप्ताह में एक बार हेयर मास्क या डीप कंडीशनिंग ट्रीटमेंट अपनाएं। शहद या प्राकृतिक सामग्री से बने हेयर मास्क बालों को गहराई से पोषण देते हैं और उन्हें मुलायम व मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

4. लीव-इन कंडीशनर का करें इस्तेमाल

बालों को लंबे समय तक स्मूद और मैनेजेबल बनाए रखने के लिए लीव-इन कंडीशनर या हेयर सीरम का उपयोग करें। आर्गन, जोजोबा या कैमेलिया ऑयल युक्त प्रोडक्ट्स बालों को अतिरिक्त पोषण देने के साथ ही हीट स्टाइलिंग से होने वाले नुकसान से भी बचाते हैं।

5. सही तरीके से करें ब्लो ड्राई

ग्लास हेयर लुक पाने के लिए बालों को सही तकनीक से ब्लो ड्राई करें। अच्छी गुणवत्ता वाले ब्लो ड्रायर और नैचुरल ब्रिसल्स वाले राउंड ब्रश का इस्तेमाल करें। बालों को छोटे-छोटे सेक्शन में सुखाने से बेहतर फिनिश मिलती है।

6. आखिर में दें शाइनिंग फिनिश

हेयर शाइन सीरम, हेयर प्राइमर या शाइन स्प्रे लगाकर बालों को अंतिम फिनिश दें। अंत में ब्लो ड्रायर की कूल एयर सेटिंग का इस्तेमाल करने से बाल लंबे समय तक चमकदार और सेट रहते हैं।

देसी नुस्खों से भी बढ़ेगी प्राकृतिक चमक

अगर आप बिना ज्यादा खर्च के बालों की चमक बढ़ाना चाहते हैं तो चावल का पानी, नारियल तेल, एलोवेरा जेल, गुड़हल के फूल और मेथी दाने का पानी जैसे घरेलू उपाय भी नियमित रूप से अपना सकते हैं। ये प्राकृतिक चीजें बालों को पोषण देने, उन्हें मजबूत बनाने और उनकी प्राकृतिक चमक बनाए रखने में मदद करती हैं।