Home Himachal देवभूमि में आग का कहर: हल्द्वानी में सपा नेता का जूता शोरूम...

देवभूमि में आग का कहर: हल्द्वानी में सपा नेता का जूता शोरूम धू-धू कर जला, लाखों का नुकसान

हल्द्वानी, 24 जून 2026  Fact Recorder

Himachal Desk:  उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में मंगलवार देर रात भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। मीरा मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के जूता शोरूम में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार बनभूलपुरा लाइन नंबर-17 निवासी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी की मीरा बाजार में जूतों की दुकान है, जिसका संचालन उनके पुत्र उमेर सिद्दीकी करते हैं। रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद वे घर लौट गए थे। देर रात स्थानीय लोगों ने दुकान के भीतर से धुआं उठता देखा और तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक को दी।

सूचना मिलते ही उमेर सिद्दीकी मौके पर पहुंचे। वहीं दमकल विभाग और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया।

आग तेजी से फैलने लगी, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को खाली करा दिया। बाजार में बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग एकत्र हो गए। आग की लपटों और धुएं के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।

दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक शोरूम में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

अग्निशमन अधिकारी मिंदर पाल ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच की जा रही है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा आसपास की दुकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं