11 June 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: हरियाणा के हिसार जिले के हांसी शहर में गुरुवार सुबह बदमाशों ने एक जिम ट्रेनर की गोलियां मारकर ह*त्या कर दी। इस हमले में मौके पर मौजूद एक युवती भी घायल हो गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मृ*तक की पहचान 25 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है, जो जींद जिले के डालमवाला गांव का निवासी था। वह पिछले करीब तीन वर्षों से हांसी के शांति निकेतन क्षेत्र में रहकर रेड जिम का संचालन कर रहा था। बताया जा रहा है कि कपिल ने कुछ समय पहले अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था।
जानकारी के अनुसार, कपिल सुबह जिम के बाहर युवाओं को वर्कआउट और वार्मअप करवा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और अचानक उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कपिल के सिर और पीठ को निशाना बनाया। गो*लियां लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान वहां मौजूद शिखा नामक युवती भी गोली लगने से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायर किए। गो*लीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल कपिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृ*त घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से 10 खोखे बरामद किए हैं। डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या पूरी योजना और रेकी के बाद अंजाम दी गई। फिलहाल ह*त्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।













