11 June 2026 Fact Recorder
National Desk: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बाराइक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के साथ ही राज्यसभा में टीएमसी की संख्या घटकर 10 रह गई है।
इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय तथा सुष्मिता देव भी उच्च सदन की सदस्यता छोड़ चुके हैं। लगातार हो रहे इस्तीफों ने टीएमसी नेतृत्व की चिंताएं बढ़ा दी हैं। जानकारी के अनुसार, राज्यसभा में टीएमसी के कुल 13 सांसद थे, जिनमें से अब तीन सांसद पार्टी से अलग हो चुके हैं।
सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में पार्टी के कुछ और राज्यसभा सांसद भी इस्तीफा दे सकते हैं। ऐसे में टीएमसी के भीतर बढ़ती असंतोष की स्थिति और संगठनात्मक चुनौतियों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लगातार हो रहे इन घटनाक्रमों से पार्टी की संसदीय ताकत पर असर पड़ सकता है। वहीं, विपक्षी दल इसे टीएमसी के भीतर बढ़ती नाराजगी का संकेत बता रहे हैं।
हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक प्रकाश चिक बाराइक के इस्तीफे को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले दिनों में इस घटनाक्रम का बंगाल की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।













