10 June 2026 Fact Recorder
National Desk: वाराणसी: धर्म और संस्कृति की नगरी काशी इस वर्ष अक्टूबर में भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो की मेजबानी करने जा रही है। पहली बार गंगा तट स्थित नमो घाट पर आयोजित होने वाले इस विशेष आयोजन में भारतीय वायुसेना अपनी ताकत, तकनीक और हवाई कौशल का प्रदर्शन करेगी। यह कार्यक्रम काशीवासियों और देशभर से आने वाले पर्यटकों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा।
एयर शो का मुख्य आकर्षण वायुसेना की प्रसिद्ध एरोबेटिक टीम ‘सूर्य किरण’ होगी। नौ हॉक विमानों की यह टीम आसमान में शानदार हवाई करतब दिखाएगी और तिरंगे के रंगों से आकाश को सजाएगी। इसके लिए सूर्य किरण टीम अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेगी, जहां से अभ्यास और प्रदर्शन की तैयारियां संचालित की जाएंगी।
आयोजन को लेकर बाबतपुर एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विमानों की पार्किंग के लिए हैंगर और रनवे संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम से पहले विस्तृत रिहर्सल और अभ्यास सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
सूर्य किरण टीम के अलावा भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल, तेजस और सुखोई-30 सहित 50 से अधिक फाइटर जेट और हेलिकॉप्टर भी इस एयर शो में हिस्सा ले सकते हैं। ये विमान विभिन्न एयरबेस से उड़ान भरकर वाराणसी के आसमान में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
प्रशासन और वायुसेना के अधिकारियों ने नमो घाट तथा गंगा पार रेती क्षेत्र का निरीक्षण कर दर्शकों की सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया है। लाखों लोगों के इस कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
प्रयागराज के बाद उत्तर प्रदेश में यह अपनी तरह का दूसरा सबसे बड़ा एयर शो माना जा रहा है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में काशी का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और आधुनिक सैन्य क्षमता का अद्भुत नजारा पेश करेगा।













