4 June 2026 Fact Recorder
Haryana Desk : गुरुग्राम नगर निगम मुख्यालय और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना के बाद एहतियातन निगम मुख्यालय को तुरंत खाली करा लिया गया और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा भवन और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है। फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी गुरुग्राम के कई स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं।













