फ़िरोज़पुर, 30 मई 2026 Fact Recorder
Punjab Desk : विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस (Menstrual Hygiene Day) के अवसर पर छात्राओं को जागरूक करने हेतु स्थानक ऐच.ऐम. सी.सै. स्कूल में एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकाओं श्रीमती प्रमिला, श्रीमती अर्पणा एवं श्रीमती लुबना ने छात्राओं को माहवारी के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता संबंधी आदतों, संतुलित आहार तथा व्यक्तिगत साफ-सफाई के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को इस दौरान होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं एवं बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।
अध्यापिकाओं ने छात्राओं को बताया कि माहवारी एक प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है तथा इसके संबंध में किसी भी प्रकार की झिझक या भ्रम नहीं रखना चाहिए। उन्होंने स्वच्छ सैनिटरी उत्पादों के उपयोग, समय-समय पर उनके परिवर्तन तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। विद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को छात्राओं के स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत कुमार ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए संबंधित अध्यापिकाओं की सराहना की तथा छात्राओं को स्वस्थ एवं जागरूक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।













