29 May 2026 Fact Recorder
National Desk: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री Siddaramaiah ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद साफ कर दिया है कि वह राज्य की राजनीति से दूरी नहीं बनाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान की ओर से मिले राज्यसभा सीट के प्रस्ताव को उन्होंने विनम्रता से ठुकरा दिया है, क्योंकि उनकी रुचि फिलहाल राष्ट्रीय राजनीति में नहीं है।
इस्तीफा सौंपने के बाद सिद्धारमैया दिल्ली पहुंचे, जहां आज उनकी मुलाकात कांग्रेस नेता Rahul Gandhi से हो सकती है। इस बीच कर्नाटक की राजनीतिक गतिविधियों पर सभी की नजर बनी हुई है।
सिद्धारमैया ने कहा कि जनता ने उन्हें पांच साल के लिए विधायक चुना है और उनके कार्यकाल के अभी दो साल बाकी हैं। उन्होंने कहा, “मैं आगे भी कर्नाटक की राजनीति में ही रहूंगा और अपने विधानसभा क्षेत्र वरुणा के लोगों के लिए काम करता रहूंगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बावजूद वह राजनीति में सक्रिय बने रहेंगे और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व चाहता था कि सिद्धारमैया राज्यसभा जाएं, लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। माना जा रहा है कि उनके इस्तीफे के बाद भी कर्नाटक कांग्रेस में उनका प्रभाव बना रहेगा।
इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल पर सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी नेतृत्व जब भी उनसे पद छोड़ने को कहेगा, वह तुरंत इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा, “जब पार्टी नेतृत्व ने मुझसे इस्तीफा मांगा, तो मैंने स्वेच्छा से तुरंत इस्तीफा दे दिया।”













