Home Haryana हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की तैयारी, 100 प्रतिशत टैक्स...

हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की तैयारी, 100 प्रतिशत टैक्स छूट का प्रस्ताव बढ़ाया गया – परिवहन मंत्री अनिल विज

राज्य सरकार खरीदेगी 500 इलेक्ट्रिक बसें, हरियाणा में ईवी क्रांति की दिशा में बड़ा कदम – विज

ईवी वाहनों पर टैक्स राहत से बढ़ेगा लोगों का रुझान– अनिल विज

चंडीगढ़, 18 मई 2026  Fact Recorder

Haryana Desk: हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा में चंडीगढ़ और दिल्ली की तर्ज पर इलेक्ट्रिक वाहनों पर शत-प्रतिशत टैक्स छूट देने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है , ताकि लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि ईवी वाहनों पर टैक्स में राहत दी जाती है तो लोगों का रुझान इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर तेजी से बढ़ेगा।

श्री विज सोमवार को चंडीगढ़ में कैबिनेट बैठक से पूर्व मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने जा रही है। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर टैक्स छूट देने के लिए भी प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। यह प्रस्ताव चंडीगढ़ और दिल्ली की तर्ज पर 100 प्रतिशत टैक्स छूट प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरित हों सकें।

एक प्रश्न के उत्तर में श्री विज ने कहा कि कैबिनेट में प्रस्ताव लाने का विशेष अधिकार मुख्यमंत्री का होता है और कौन-सा प्रस्ताव बैठक में लाया जाएगा, इसका निर्णय वहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच लगातार वर्चुअल बैठकें होती रहती हैं और कई प्रशासनिक कार्य टेलीफोन के माध्यम से भी संपन्न हो जाते हैं।