18 May 2026 Fact Recorder
National Desk: लखीमपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौ*त हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पीलीभीत-बस्ती नेशनल हाईवे-730 पर सिसैया इलाके के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरी टाटा मैजिक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि मैजिक में करीब 12 लोग सवार थे, जो लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे घायलों व शवों को बाहर निकाला। सभी घायलों को खमरिया सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 9 लोगों को मृ*त घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि हादसे में 9 लोगों की जान गई है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस मृ*तकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।













