Home Himachal पंचायती राज चुनाव : मंडी जिला में 54 नामांकन रद्द, 14565 उम्मीदवारों...

पंचायती राज चुनाव : मंडी जिला में 54 नामांकन रद्द, 14565 उम्मीदवारों के पर्चे सही पाए गए

जिला परिषद चुनाव में एक नामांकन रद्द, पंचायत समिति के  6 नामांकन खारिज
मंडी, 14  मई 2026 Fact Recorder 
Himachal Desk:  जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला में पंचायती राज संस्थाओं के सदस्यों के चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच संबंधित रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा पूरी कर ली गई है। जांच के दौरान कुल 54 नामांकन पत्र विभिन्न कारणों से रद्द किए गए हैं, जबकि 14565 उम्मीदवारों के नामांकन सही पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद सही पाए गए उम्मीदवार 14 और 15 मई को सुबह 11 बजे से सायं 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 15 मई को सायं 3 बजे के पश्चात उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्य के कुल 4768 पदों के लिए 14619 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। इनमें से 14565 नामांकन वैध पाए गए हैं।
जिला परिषद के लिए 205 उम्मीदवार मैदान में
उपायुक्त ने बताया कि जिला परिषद के 36 वार्ड सदस्य पदों के लिए कुल 210 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें से बेहल-25  वार्ड से एक नामांकन रद्द किया गया। इसके अतिरिक्त चार उम्मीदवारों द्वारा एक ही पद के लिए दो-दो नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। दोनों नामांकन सही पाए जाने पर नियमानुसार प्रत्येक उम्मीदवार का एक-एक अतिरिक्त नामांकन पत्र निरस्त किया गया। इसके बाद जिला परिषद सदस्य पद के लिए 205 उम्मीदवारों के नामांकन सही पाए गए हैं।
पंचायत समिति चुनाव के लिए 1169 नामांकन वैध
उन्होंने बताया कि 14 पंचायत समितियों के 267 सदस्य पदों के लिए 1175 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। जांच के दौरान 6 नामांकन रद्द किए गए जबकि 1169 नामांकन सही पाए गए हैं।
प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य चुनाव में 43 नामांकन रद्द
उपायुक्त ने बताया कि ग्राम पंचायत प्रधान के 577 पदों के लिए 3008 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 2995 सही पाए गए जबकि 13 नामांकन रद्द हुए।
इसी प्रकार उपप्रधान के 577 पदों के लिए 2973 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें से 2964 नामांकन सही पाए गए जबकि 9 नामांकन रद्द किए गए।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 3311 पदों के लिए 7253 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 7232 नामांकन सही पाए गए जबकि 21 नामांकन पत्र रद्द हुए हैं।