Home Hindi IPL 2026: मैच के दौरान जैकब बेथेल की गोल्ड चेन पिच पर...

IPL 2026: मैच के दौरान जैकब बेथेल की गोल्ड चेन पिच पर गिरी, देवदत्त पडिक्कल ने लौटाई

14 May 2026 Fact Recorder 

Sports Desk:  IPL 2026 में RCB और KKR के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान एक दिलचस्प घटना देखने को मिली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज जैकब बेथेल बल्लेबाजी करते समय अपनी गोल्ड चेन पिच पर गिरा बैठे, लेकिन उन्हें इसका पता तक नहीं चला। बाद में साथी खिलाड़ी देवदत्त पडिक्कल ने चेन को उठाकर अंपायर को सौंप दिया।

यह घटना RCB की पारी के चौथे ओवर में हुई। KKR के गेंदबाज कार्तिक त्यागी की तेज बाउंसर गेंद पहले बेथेल के हाथ और फिर हेलमेट पर लगी। गेंद के झटके से उनकी गोल्ड चेन गले से निकलकर पिच पर गिर गई। उसी गेंद पर बेथेल कैच आउट हो गए और सीधे डगआउट लौट गए।

बेथेल को यह एहसास भी नहीं हुआ कि उनकी चेन मैदान पर गिर चुकी है। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल की नजर चेन पर पड़ी। उन्होंने तुरंत उसे उठाया और अंपायर को दे दिया।

मैच में जैकब बेथेल का प्रदर्शन खास नहीं रहा। उन्होंने 12 गेंदों में सिर्फ 15 रन बनाए। फिल सॉल्ट की चोट के बाद बेथेल को RCB के लिए ओपनिंग का मौका मिला था, लेकिन इस सीजन में अब तक वह बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो पाए हैं।