चंडीगढ़, 24 अप्रैल 2026 Fact Recorder
National Desk: कानपुर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 24 वर्षीय युवा वकील ने आ*त्महत्या कर ली। मृ*तक की पहचान प्रियांशु श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर अपने पिता के अपमानजनक व्यवहार से तंग आकर यह कदम उठाया।
घटना के मुताबिक, प्रियांशु ने कानपुर कोर्ट की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। आ/त्महत्या से पहले उसने दो पेज का सु*साइड नोट लिखा और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के साथ-साथ अपने पिता और दोस्तों को भी भेजा।
सुसाइड नोट में छलका दर्द
प्रियांशु ने अपने नोट में बचपन से लेकर अब तक झेले मानसिक उत्पीड़न का जिक्र किया। उसने लिखा कि पिता के अपमान, गाली-गलौज और बार-बार बेइज्जती करने की आदत ने उसे भीतर से तोड़ दिया था। उसने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि बचपन में एक छोटी गलती पर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया था, जिसकी याद आज तक उसे परेशान करती रही।
नोट में उसने लिखा कि वह लगातार मानसिक दबाव में जी रहा था और अब इससे बाहर निकलने का उसे कोई रास्ता नहीं दिख रहा था। उसने भावुक अपील करते हुए लिखा कि किसी भी बच्चे पर उतना ही दबाव डालना चाहिए, जितना वह सह सके।
आखिरी इच्छा ने किया भावुक
सुसाइड नोट में प्रियांशु ने अपनी मां के लिए प्यार जताते हुए लिखा—“लव यू मम्मी”। वहीं उसने यह भी लिखा कि उसकी लाश को उसके पिता छूएं नहीं। उसके शब्दों में गहरी पीड़ा और निराशा साफ झलकती है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और सुसाइड नोट सहित डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
यह घटना न सिर्फ परिवारिक रिश्तों में संवाद और संवेदनशीलता की अहमियत को उजागर करती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की भी सख्त जरूरत दिखाती है।












