23 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम में कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। 22 अप्रैल 2026 को विधि-विधान के साथ कपाट खुलने के बाद पहले ही दिन करीब 38 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए, जो इस वर्ष यात्रा में भारी भीड़ का संकेत है।
बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने 21 अप्रैल से टोकन प्रणाली लागू की है। इस व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को निर्धारित समय के अनुसार मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे दर्शन प्रक्रिया सुचारु और व्यवस्थित बनी हुई है।
मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार तय किए गए हैं। पुलिस, प्रशासन और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के बीच समन्वय के चलते यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।
पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर के अनुसार, यात्रा के शुरुआती दिनों में ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में सभी को टोकन के आधार पर कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से धैर्य और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
इस बीच, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में बीमार यात्रियों का सफल रेस्क्यू किया। एक मामले में गुजरात के 55 वर्षीय श्रद्धालु को सांस की तकलीफ होने पर हेलीपैड तक पहुंचाकर एयरलिफ्ट कराया गया, जबकि दूसरे मामले में जयपुर की एक महिला यात्री को तत्काल उपचार के लिए बेस कैंप अस्पताल भेजा गया।











