22 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: पूर्व क्रिकेटर और सांसद Yusuf Pathan के ससुर और साले की गिरफ्तारी के बाद अब उनकी सास का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बच्चों के बीच का झगड़ा था और उनके दामाद का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।
यूसुफ पठान की सास नसीबजान मोहम्मद खालिक ने कहा कि दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, लेकिन बेवजह उनके दामाद का नाम घसीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की शादी को 12 साल हो चुके हैं और इस दौरान परिवार ने कभी भी यूसुफ पठान के नाम का फायदा नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल की वजह से उनके दामाद को बदनाम किया जा रहा है।
नसीबजान ने कहा कि उनके दामाद ने न किसी को फोन किया और न ही किसी को धमकी दी। उनका कहना है कि यह पुराना पारिवारिक विवाद था, जिसे अब यूसुफ पठान से जोड़कर पेश किया जा रहा है।
मामला Mumbai के बायकुला इलाके का है, जहां सड़क पर पानी उछलने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, एक कार गड्ढे से गुजरी, जिससे पानी शोएब खान पर गिर गया। इसके बाद बहस हुई और फिर मामला हिंसा तक पहुंच गया। बाद में शिकायत दर्ज कराने जा रहे पीड़ित परिवार पर फिर हमला हुआ।
इस मामले में पुलिस ने यूसुफ पठान के ससुर खालिद खान, उनके बेटे उमरशाद खान और एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।











