आईपीएल 2026 में इन चार कप्तानों पर मंडरा रहा खतरा, अगले सीजन से पहले छिन सकती है कमान

21 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk: आईपीएल 2026 कई कप्तानों के लिए अग्निपरीक्षा साबित हो रहा है। कुछ टीमों का प्रदर्शन उम्मीद से काफी कमजोर रहा है और इसका सीधा असर उनके कप्तानों पर पड़ता दिख रहा है। ऐसे में अगले सीजन से पहले चार कप्तानों की जिम्मेदारी छीनी जा सकती है।

सबसे ज्यादा दबाव Hardik Pandya पर है। Mumbai Indians ने उन्हें बड़े भरोसे के साथ दोबारा कप्तान बनाया था, लेकिन टीम लगातार स्थिर प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई को कई अहम मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। फैंस की नाराजगी भी खुलकर सामने आई है। अगर टीम का प्रदर्शन नहीं सुधरा तो फ्रेंचाइजी नए कप्तान की तलाश कर सकती है। ऐसे में Suryakumar Yadav का नाम विकल्प के तौर पर सामने आ सकता है।

Ajinkya Rahane की कप्तानी भी सवालों के घेरे में है। Kolkata Knight Riders ने 2024 में खिताब जीता था, लेकिन उसके बाद टीम का प्रदर्शन गिरता चला गया। रहाणे की कप्तानी में केकेआर लगातार संघर्ष कर रही है और टीम की रणनीति पर भी सवाल उठ रहे हैं। फ्रेंचाइजी भविष्य में Rinku Singh को कप्तानी सौंप सकती है या फिर नीलामी में किसी नए नेता पर दांव लगा सकती है।

Ruturaj Gaikwad के लिए भी यह सीजन आसान नहीं रहा। Chennai Super Kings में MS Dhoni के बाद कप्तानी संभालना बड़ी चुनौती थी। ऋतुराज ने कुछ मैचों में प्रभावित किया, लेकिन टीम लगातार जीत हासिल नहीं कर पाई। बल्लेबाजी और रन चेज में नाकामी का असर उनकी कप्तानी पर भी पड़ा है। अगर हालात नहीं बदले तो टीम नया कप्तान चुन सकती है। इस दौड़ में Sanju Samson का नाम सामने आ रहा है।

वहीं, Rishabh Pant की कप्तानी भी खतरे में दिखाई दे रही है। Lucknow Super Giants ने उन्हें बड़ी रकम देकर कप्तान बनाया था, लेकिन टीम लगातार निचले स्थान पर बनी हुई है। बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही है और हर मैच में प्लेइंग इलेवन व बैटिंग क्रम बदलना टीम की कमजोरी बन गया है। यदि लखनऊ अगले कुछ मैचों में वापसी नहीं कर पाती, तो कप्तानी Nicholas Pooran या Mitchell Marsh को दी जा सकती है।

इन चारों कप्तानों की सबसे बड़ी समस्या एक ही है—नतीजों की कमी। आईपीएल जैसी प्रतिस्पर्धी लीग में सिर्फ नाम नहीं, प्रदर्शन मायने रखता है। अब आईपीएल 2027 से पहले होने वाला रिटेंशन ही तय करेगा कि कौन कप्तान अपनी कुर्सी बचा पाएगा और किस पर गाज गिरेगी