सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बंगाल में कांग्रेस के लिए मांगे वोट, भाजपा और टीएमसी पर साधा निशाना

20 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार शाम पश्चिम बंगाल के चौरंगी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मानस सरकार के पक्ष में मतदान की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता, खासकर युवा, बदलाव चाहती है और विकास, पारदर्शिता तथा सुशासन पर आधारित सरकार की उम्मीद कर रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 20 वर्षों बाद कांग्रेस ने राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और पार्टी को भरोसा है कि उसे जनता का समर्थन मिलेगा।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों और जातियों का सम्मान करती है और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए राज्य में पार्टी का मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राज्य के बेहतर भविष्य और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस को समर्थन दें।

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की कार्यशैली से आम लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उनके अनुसार, एक ओर भाजपा की विभाजनकारी राजनीति है, तो दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस की भ्रष्ट और अस्थिर व्यवस्था, जिसने जनता के विश्वास को नुकसान पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से जनता के अधिकारों, सामाजिक न्याय और समान अवसरों के लिए लड़ती रही है और आगे भी इसी दिशा में संघर्ष जारी रखेगी