17 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो जाता है, तो वह पाकिस्तान की यात्रा पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने यह बात गुरुवार को लास वेगास जाते समय व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
ट्रंप ने कहा, “अगर इस्लामाबाद में समझौता साइन होता है, तो मैं पाकिस्तान जा सकता हूं। वे चाहते हैं कि मैं वहां जाऊं।” उन्होंने अमेरिका-ईरान वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक और सहयोगी बताया।
राष्ट्रपति ट्रंप ने उम्मीद जताई कि ईरान के साथ चल रही बातचीत जल्द किसी नतीजे पर पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि अगर समझौता होता है, तो इसका बड़ा आर्थिक असर देखने को मिलेगा, खासकर ऊर्जा क्षेत्र में। उनके अनुसार, इससे तेल की कीमतों में कमी आ सकती है।
ऊर्जा कीमतों पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि कूटनीतिक प्रयासों के चलते पहले ही ईंधन की कीमतों में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि महंगाई को नियंत्रित करने के लिए उनकी सरकार लगातार प्रयास कर रही है और इसमें सुधार देखने को मिल रहा है।
इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका अहम मानी जा रही है। Asim Munir ने हाल ही में तेहरान में Mohammad Bagher Ghalibaf से मुलाकात की, जिसे दोनों देशों के बीच वार्ता को आगे बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पहल बैक-चैनल बातचीत को मजबूत करने का हिस्सा है, जिसमें पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। इस दौरान Abbas Araghchi ने भी उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लिया, ताकि वार्ता के अगले चरण की तैयारी की जा सके।
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस कूटनीतिक प्रक्रिया में तेजी आ सकती है और इसका असर वैश्विक राजनीति व अर्थव्यवस्था पर भी देखने को मिलेगा।













