17 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: वार्ड नंबर 12 के सेक्टर-15, खासकर सेक्टर 15डी के निवासी इन दिनों सीवरेज पाइपलाइन के अधूरे काम के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के नेता संदीप दहिया ने इस मुद्दे को उठाते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सीवरेज पाइपलाइन बदलने का काम 10 अप्रैल 2026 को शुरू किया गया था, लेकिन सात दिन बीत जाने के बाद भी न तो काम पूरा हुआ है और न ही खुदाई के बाद बने गड्ढों को भरा गया है। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और हालात “नरक जैसे” हो गए हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पूर्व में भाजपा पार्षद के कार्यकाल के दौरान भी पाइपलाइन बदली गई थी, फिर से उसी काम को दोहराने की जरूरत क्यों पड़ी, इसकी जांच होनी चाहिए। दहिया ने कहा कि पूरे सेक्टर 15 में इस तरह के अधूरे कार्य देखने को मिल रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि सेक्टर 15ए में बुक मार्केट के सामने पेवर ब्लॉक का काम महीनों से अधूरा पड़ा है। वहीं अंडरपास निर्माण कार्य के चलते सड़कें बंद हैं और काम रुका हुआ है, जिससे सेक्टर 15 और सेक्टर 11 के निवासी, छात्र और आम लोग प्रभावित हो रहे हैं। दुकानदारों का कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
संदीप दहिया ने कहा कि मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना है, ऐसे में खुले गड्ढे हादसों का कारण बन सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर कोई सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए गए हैं।
उन्होंने प्रशासन, पार्षद, महापौर और नगर आयुक्त से मांग की कि कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जाए और काम को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए।
दहिया ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर काम पूरा नहीं हुआ, तो वे महापौर के घर के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे और कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे।













