मंडी, 17 अप्रैल 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-3 हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ई. होशियार सिंह राणा ने बताया कि विद्युत उप मण्डल-3 के अन्तर्गत आने वाले मैगल, द्रंग तथा नसलोह क्षेत्रों में संचालित बिजली बिल भुगतान के कैश काउंटर अप्रैल 2026 से बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 125 यूनिट तक घरेलू उपभोक्ताओं को निःशुल्क बिजली मिलने के कारण कैश काउंटरों पर केवल 5 से 10 उपभोक्ता ही भुगतान के लिए पहुंच रहे थे, जिसके चलते इन काउंटरों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने बिजली बिलों का भुगतान ऑनलाइन माध्यम, लोकमित्र केंद्र अथवा विद्युत उप मण्डल कार्यालय में आकर कर सकते हैं।
30 अप्रैल तक लंबित बिल जमा करवाने का आग्रह
सहायक अभियन्ता ने विद्युत उप मण्डल-3 के अन्तर्गत आने वाले भिउली, पुरानी मण्डी, खलियार, बिजनी, मैगल, पाखरी, द्रंग, नगरोटा, रोपरू, नसलोह, स्कोर, रेहराधार, बारी, गुमाणु तुंग तथा चौकी भलेड क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे अपने लंबित बिजली बिल 30 अप्रैल, 2026 तक कार्यालय में जमा करवा दें। निर्धारित तिथि तक भुगतान न करने की स्थिति में विद्युत मीटर काटने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।













