16 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: तहसील कैंप क्षेत्र के राम नगर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में गैस सिलेंडर फटने से कमरे में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौ*त हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कमरे में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कमरे में मौजूद व्यक्ति चाय बनाने के लिए गैस चूल्हा जला रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृ*तक की पहचान राम नगर निवासी सोमपाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, यह कमरा नसीम ने किराए पर लिया हुआ था और वह अपने साथी सोमपाल को चाय पिलाने के लिए घर लाया था। दोनों कबाड़ का काम करते थे।
विस्फोट के बाद सोमपाल आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया, जबकि नसीम गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण गैस रिसाव माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।












