कुरुक्षेत्र मंडी में दर्दनाक हादसा: गेहूं की बोरियों के नीचे दबकर 27 वर्षीय महिला की मौ*त

15 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद स्थित अनाज मंडी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गेहूं की बोरियों के नीचे दबने से 27 वर्षीय महिला की मौ*त हो गई। मृ*तका की पहचान यमुनानगर जिले के बिलासपुर निवासी हसीना खातून के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हसीना मंडी में सफाई और गेहूं इकट्ठा करने का काम करती थी। घटना के समय वह गेहूं के रैक के पास काम कर रही थी, तभी अचानक बोरियों का भारी ढेर उसके ऊपर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद मजदूरों ने तुरंत बोरियां हटाकर उसे बाहर निकाला और डायल-112 पर सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इन दिनों मंडी में गेहूं की भारी आवक के कारण बोरियों के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बढ़ गया है। घटना के बाद मंडी में काम कर रहे मजदूरों में डर और चिंता का माहौल है।