हिमाचल में गैस सिलिंडर शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 1967 जारी

शिमला, 7 अप्रैल 2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश सरकार ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बड़ी पहल करते हुए रसोई गैस से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु टोल-फ्री नंबर 1967 जारी किया है। अब लोग गैस सिलिंडर से संबंधित किसी भी शिकायत या परेशानी के लिए इस नंबर पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।

यह जानकारी खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक कुमुद सिंह की अध्यक्षता में शिमला में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी गई। बैठक में प्रदेश में गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

सरकार ने गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग रोकने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। हाल ही में 2000 से अधिक निरीक्षण किए गए, जिनमें नियमों का उल्लंघन करने पर 85 गैस सिलिंडर जब्त किए गए। साथ ही पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी रोकने के लिए भी लगातार चेकिंग जारी है।

पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी के जरिए ही गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो वाले छोटे सिलिंडर उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था भी की गई है।

अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में गैस और ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।