शिमला, 7 अप्रैल 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर अस्थायी फेरबदल करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यह बदलाव दिवेश कुमार के प्रशिक्षण पर जाने के कारण किया गया है। दिवेश कुमार 6 से 24 अप्रैल तक लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में एमसीटीपी फेज-5 प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।
इस दौरान कमलेश कुमार पंत को राज्य कर एवं आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह पहले से ही अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व), वित्त आयुक्त (राजस्व एवं अपील), वन, गृह एवं सतर्कता विभागों के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे हैं।
वहीं आरडी नजीम को पर्यटन और नागरिक उड्डयन विभाग के साथ लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। उनके पास पहले से खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, परिवहन और उद्योग विभाग हैं।
इसके अलावा आशीष सिंघमार को शहरी विकास, वित्त, योजना एवं अर्थशास्त्र विभागों के साथ 20 सूत्रीय कार्यक्रम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह पहले से डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस, संसदीय कार्य, मुख्यमंत्री के सचिव और मानवाधिकार आयोग से जुड़े कार्य देख रहे हैं।
सरकार द्वारा किया गया यह फेरबदल अस्थायी है और अधिकारियों की अनुपस्थिति में प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से जारी रखने के उद्देश्य से किया गया है।













