दिल्ली में नकली टूथपेस्ट फैक्टरी का भंडाफोड़, मालिक गिरफ्तार; लाखों का सामान बरामद

04 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में चल रही नकली टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए उसके मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार को एक विशेष टीम ने महावीर विहार स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान वहां से भारी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, पैकेजिंग सामग्री, मशीनें, ब्रांडेड टेप, गोंद, हीटिंग गन समेत अन्य कच्चा माल बरामद किया गया। जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फैक्टरी में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा था, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। मौके पर छह मजदूर स्थानीय स्तर पर तैयार पेस्ट को नामी ब्रांड की ट्यूब में भरते हुए पाए गए।

पूछताछ में मजदूरों ने खुलासा किया कि इस अवैध यूनिट का संचालन रोहिणी निवासी 58 वर्षीय हरि ओम मिश्रा कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को बिना लाइसेंस और वैध दस्तावेजों के किराए के परिसर में फैक्टरी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।