मातृभूमि’ रिलीज से पहले ही एक्शन में सलमान खान, दिल राजू के साथ नई फिल्म की तैयारी शुरू

26 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ (जिसका नाम बदला जा चुका है) की रिलीज से पहले ही नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। फैन्स जहां उनकी अगली रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, वहीं अभिनेता ने अपनी अगली बड़ी फिल्म की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान अब साउथ के मशहूर प्रोड्यूसर दिल राजू के साथ एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम करने जा रहे हैं, जिसे डायरेक्टर वामशी पेडिपल्ली निर्देशित करेंगे। हालांकि इस फिल्म का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन इसके प्री-प्रोडक्शन पर तेजी से काम चल रहा है।

बताया जा रहा है कि मुंबई के गोरेगांव स्थित SRPF ग्राउंड में फिल्म के लिए एक विशाल सेट तैयार किया जा रहा है। यह सेट किसी छोटे शहर जैसा डिजाइन किया गया है, जिसे एक हाई-कॉन्फ्लिक्ट अर्बन एरिया के रूप में दिखाया जाएगा। फिल्म में बड़े स्तर के एक्शन सीक्वेंस शामिल होने वाले हैं, जिसके चलते सेट को बेहद भव्य बनाया जा रहा है।

फिलहाल फिल्म की कास्टिंग फाइनल करने का काम जारी है और प्रोडक्शन टीम अप्रैल के मध्य तक सभी तैयारियां पूरी करने में जुटी हुई है। इसमें सेट डिजाइन, एक्शन कोरियोग्राफी और स्टार कास्ट को अंतिम रूप देना शामिल है।

वहीं, सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’, जिसे पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ के नाम से जाना जा रहा था, उसमें भी कुछ नए सीन जोड़े गए हैं। इसी वजह से इसकी रिलीज डेट में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

कुल मिलाकर, सलमान खान आने वाले समय में बड़े पैमाने पर एक्शन और मनोरंजन से भरपूर फिल्मों के साथ दर्शकों के बीच वापसी करने की तैयारी में हैं।