सुखना लेक एयर शो के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 27-28 मार्च को कई सड़कों पर रहेगा प्रतिबंध

25 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  Sukhna Lake पर होने वाले एयर शो को देखते हुए Chandigarh Traffic Police ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के अनुसार 27 और 28 मार्च को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक इस दौरान उत्तर मार्ग पर ओल्ड बैरिकेड चौक (सेक्टर 1/3/4) से सरोवर पथ स्थित हीरा सिंह चौक (सेक्टर 5/6-7/8) तक यातायात बंद रहेगा। इसके अलावा विज्ञान पथ पर न्यू बैरिकेड चौक (सेक्टर 3/4/9/10) से हीरा सिंह चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

सेंट कबीर लाइट पॉइंट से Chandigarh Golf Club की ओर जाने वाले मार्ग और विज्ञान पथ के कुछ हिस्सों में भी ट्रैफिक बंद रहेगा।

पैदल आवाजाही भी सीमित

एयर शो के दौरान सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक कुछ मार्गों पर पैदल चलने वालों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा इन दो दिनों में सुखना लेक पर आम लोगों के लिए सभी मनोरंजन गतिविधियां बंद रहेंगी।

दर्शकों को लेक तक पहुंचने के लिए निर्धारित पिक-अप पॉइंट्स से ही शटल बस सेवा का उपयोग करना होगा।

ये होंगे पिक-अप पॉइंट

एयर शो के लिए प्रशासन ने शहर में कई पिक-अप पॉइंट तय किए हैं:

  • रेलवे कॉलोनी ग्राउंड, मनीमाजरा
  • दशहरा ग्राउंड, हाउसिंग बोर्ड के सामने, मनीमाजरा
  • परेड ग्राउंड और खुला मैदान (होटल शिवालिक व्यू के पास), सेक्टर-17
  • रैली ग्राउंड, सेक्टर-25
  • मेला ग्राउंड, सेक्टर-34 (शाम मॉल के सामने)
  • उप्पल सोसाइटी के सामने पार्किंग क्षेत्र, कला ग्राम के पास, मनीमाजरा
  • आईटी पार्क में ललित होटल और डीटी मॉल के पास पार्किंग

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि इस दौरान जरूरत पड़ने पर कुछ सड़कों पर यातायात को डायवर्ट भी किया जा सकता है। हालांकि मेडिकल आपातकाल, एंबुलेंस और शव वाहनों को विशेष छूट दी जाएगी।