23 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: अमेरिका में सोमवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। Air Canada Express का एक यात्री विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर मौजूद ग्राउंड ऑपरेशन व्हीकल से टकरा गया। यह घटना LaGuardia Airport पर हुई, जिसके बाद कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर उड़ानों का परिचालन रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार विमान Montreal से उड़ान भरकर New York City पहुंच रहा था। लैंडिंग के दौरान अचानक रनवे पर मौजूद एक ग्राउंड व्हीकल से इसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद Federal Aviation Administration ने ला गॉर्डिया एयरपोर्ट पर ‘ग्राउंड स्टॉप’ लागू कर दिया। इसका मतलब है कि अस्थायी रूप से न तो कोई विमान यहां उतर सकता है और न ही उड़ान भर सकता है। प्रशासन ने शुरुआती तौर पर बताया कि आपात स्थिति के कारण एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद रखा जा सकता है।
फिलहाल इस हादसे में किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि घटना के बाद जांच टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रनवे पर यह टक्कर कैसे हुई।
बताया जा रहा है कि LaGuardia Airport न्यूयॉर्क के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। ऐसे में परिचालन ठप होने से हजारों यात्रियों के प्रभावित होने की आशंका है और कई उड़ानों को डायवर्ट भी किया गया है। फिलहाल अधिकारियों की जांच जारी है।













