LPG Crisis: कोटे से ज्यादा गैस सिलिंडर लेने पर बताना होगा कारण, BPCL ने शुरू की नई बुकिंग प्रक्रिया

23 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  एलपीजी सिलिंडरों की कमी के बीच उपभोक्ताओं के लिए गैस बुकिंग से जुड़ा नया नियम लागू किया गया है। Bharat Petroleum Corporation Limited (बीपीसीएल) ने अतिरिक्त गैस सिलिंडर लेने वालों के लिए नई प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब जिन उपभोक्ताओं ने सालाना निर्धारित 12 सिलिंडर का कोटा पूरा कर लिया है, उन्हें अतिरिक्त सिलिंडर बुक करने के लिए विशेष जानकारी देनी होगी।

नए नियम के अनुसार उपभोक्ताओं को Hello BPCL ऐप के माध्यम से बुकिंग करनी होगी। ऐप में पूछे गए सवालों के जवाब देने के बाद ही अतिरिक्त सिलिंडर की बुकिंग संभव होगी। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, घर में आने वाले मेहमानों का विवरण और शादी, भंडारा या किसी अन्य आयोजन की जानकारी देनी होगी।

यह नियम रविवार से लागू कर दिया गया है। हालांकि शुरुआत में कई गैस एजेंसियों और उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी नहीं थी। बुकिंग में समस्या आने पर कई लोग एजेंसी पहुंचे, जिसके बाद कंपनी अधिकारियों से संपर्क करने पर नई प्रक्रिया की जानकारी सामने आई।

All India LPG Distributors Association के प्रदेश सचिव आदर्श गुप्ता के मुताबिक एक वित्त वर्ष में उपभोक्ताओं को सामान्य तौर पर 12 सिलिंडर मिलते हैं। कई उपभोक्ताओं का कोटा पूरा हो चुका है, इसलिए अतिरिक्त सिलिंडर के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है।

हालांकि इस नए नियम से कुछ उपभोक्ताओं को परेशानी भी हो सकती है। खासकर वे लोग जो अभी भी कीपैड वाले फोन का इस्तेमाल करते हैं या स्मार्टफोन नहीं रखते। ऐसे लोगों को ऐप डाउनलोड कर जानकारी भरना मुश्किल हो सकता है, जिससे उन्हें गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।

नई प्रक्रिया के तहत ऐप पर उपभोक्ताओं से कुछ प्रमुख सवाल पूछे जाएंगे, जैसे—क्या परिवार में छह या उससे अधिक सदस्य हैं, क्या घर में मेहमान आए हुए हैं, क्या शादी या भंडारा जैसे कार्यक्रम हैं या सिलिंडर किसी अन्य घरेलू जरूरत के लिए चाहिए। इन सवालों के आधार पर ही अतिरिक्त सिलिंडर की बुकिंग की अनुमति दी जाएगी।