क्या आज आएगा राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट? जानें ताजा अपडेट

23 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Education Desk:  राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की कक्षा 10वीं के परिणाम को लेकर छात्रों का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। बोर्ड की ओर से पहले संकेत दिया गया था कि 10वीं का रिजल्ट 23 मार्च को जारी किया जा सकता है। हालांकि अभी तक रिजल्ट जारी करने की तारीख और समय को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा तो परिणाम आज शाम तक घोषित किए जा सकते हैं। इस साल राजस्थान बोर्ड की 10वीं परीक्षा में 10 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया है और सभी को अपने नतीजों का बेसब्री से इंतजार है। खास बात यह है कि अगर रिजल्ट मार्च में जारी होता है तो यह पहली बार होगा जब बोर्ड इतनी जल्दी परिणाम घोषित करेगा।

रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम ऑनलाइन देख सकेंगे और मार्कशीट डाउनलोड कर पाएंगे। इसके लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी तैयार रखनी होगी। वहीं, मूल मार्कशीट छात्रों को कुछ दिनों बाद अपने-अपने स्कूलों से प्राप्त होगी।

बोर्ड की ओर से परिणाम की घोषणा प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए की जाएगी। इस दौरान कुल पास प्रतिशत, टॉपर्स के नाम और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जिलों की जानकारी भी साझा की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि परिणाम जारी होने के समय राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी छात्रों को संबोधित कर सकते हैं।

अगर किसी छात्र की मार्कशीट में नाम, अंक या अन्य जानकारी में कोई गलती मिलती है तो उन्हें तुरंत अपने स्कूल या बोर्ड कार्यालय से संपर्क करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि इस साल 10वीं की परीक्षाएं प्रदेशभर के 6194 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं।

राजस्थान बोर्ड में पास होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। यदि किसी छात्र के एक या दो विषयों में 33 प्रतिशत से कम अंक आते हैं तो उन्हें सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का अवसर मिलेगा।