16 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: आजकल फिटनेस के बढ़ते ट्रेंड के साथ प्रोटीन सप्लीमेंट का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है। जिम जाने वाले युवा, खिलाड़ी और फिटनेस को लेकर सजग लोग अक्सर मसल्स बनाने या वजन नियंत्रित करने के लिए इनका सेवन करते हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि जरूरत से ज्यादा प्रोटीन सप्लीमेंट लेना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
डायटिशियन डॉ. अनामिका गौर के अनुसार प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है, जो मांसपेशियों, हड्डियों और टिश्यू के निर्माण व मरम्मत में अहम भूमिका निभाता है। लेकिन अगर इसे जरूरत से अधिक मात्रा में लिया जाए तो इसका असर शरीर के पाचन तंत्र और किडनी पर पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक ज्यादा प्रोटीन सप्लीमेंट लेने से पेट फूलना, गैस, कब्ज, अपच या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा शरीर को अधिक प्रोटीन पचाने के लिए ज्यादा पानी की जरूरत होती है, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ सकता है। लंबे समय तक अधिक मात्रा में प्रोटीन लेने से किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है, खासकर उन लोगों में जिन्हें पहले से किडनी से जुड़ी समस्या हो।
डॉक्टरों के अनुसार हर व्यक्ति की प्रोटीन जरूरत अलग होती है। आमतौर पर स्वस्थ वयस्क व्यक्ति को प्रति किलो वजन के हिसाब से लगभग 0.8 से 1 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है। वहीं जो लोग ज्यादा शारीरिक गतिविधि या कड़ी एक्सरसाइज करते हैं, उनमें यह आवश्यकता थोड़ी अधिक हो सकती है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि प्रोटीन सप्लीमेंट शुरू करने से पहले यह समझना जरूरी है कि रोजाना के भोजन से कितना प्रोटीन मिल रहा है। बिना डॉक्टर या डायटिशियन की सलाह के सप्लीमेंट लेना सही नहीं माना जाता।
साथ ही सप्लीमेंट खरीदते समय उसका लेबल, सामग्री और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। इसे संतुलित आहार का विकल्प नहीं बल्कि जरूरत पड़ने पर सहायक के रूप में ही लेना चाहिए। यदि सप्लीमेंट लेने के बाद किसी तरह की परेशानी महसूस हो तो तुरंत सेवन बंद कर विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहता है।











