16 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। सरकार के अनुसार घबराहट कम होने के कारण पिछले दो दिनों में घरेलू एलपीजी रिफिल बुकिंग में गिरावट दर्ज की गई है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक 13 मार्च को जहां एलपीजी रिफिल बुकिंग 88.8 लाख थी, वहीं दो दिन बाद यह घटकर करीब 77 लाख रह गई। यानी महज दो दिनों में लगभग 12 लाख बुकिंग कम हो गईं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं है।
सरकार ने यह भी बताया कि अब एलपीजी बुकिंग में डिजिटल माध्यम का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल करीब 87 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन हो रही हैं, जबकि पहले यह आंकड़ा करीब 84 प्रतिशत था। तेल विपणन कंपनियां भी लोगों को डिजिटल बुकिंग के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं ताकि डीलरशिप पर भीड़ कम हो और अनावश्यक बुकिंग रोकी जा सके।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। तेल कंपनियों को भी कहीं से पेट्रोल पंप या एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर पर ईंधन की कमी की सूचना नहीं मिली है।
सरकार का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और घरों में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वहीं कुछ स्थानों पर सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं। इसे रोकने के लिए कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है और तेल कंपनियों के अधिकारी एलपीजी वितरकों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, देश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है।













