गैस सिलेंडरों की बढ़ी कीमतों के खिलाफ आपकी आवाज पार्टी का हल्ला-बोल, जोरदार प्रदर्शन

चंडीगढ़, 14 मार्च 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk: घरेलू गैस सिलेंडरों की अचानक बढ़ी कीमतों के विरोध में आज वार्ड नंबर-14 के स्थानीय लोगों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए महंगाई के खिलाफ अपना रोष जताया।

प्रदर्शन के दौरान आपकी आवाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संस्थापक प्रेमपाल चौहान ने कहा कि देश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे में घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि आज गरीब परिवारों के घरों में चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो गया है और लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं।

प्रेमपाल चौहान ने आरोप लगाया कि सरकार सब कुछ सामान्य होने का दावा कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई के कारण आम आदमी पहले ही परेशान है और अब गैस सिलेंडर की कमी तथा बढ़ी कीमतों ने स्थिति और कठिन बना दी है।

उन्होंने पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से अपील की कि प्रशासन को सख्त निर्देश दिए जाएं ताकि लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की अचानक कमी से कई घरों में चूल्हे बंद हो गए हैं, जिससे शहर का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

प्रेमपाल चौहान ने यह भी कहा कि प्रशासन के अधिकारियों को कार्यालयों में बैठने के बजाय लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए, ताकि स्थिति को शांतिपूर्वक संभाला जा सके और जनता को राहत मिल सके।

उन्होंने मांग की कि चंडीगढ़ की सभी गैस एजेंसियों को प्रशासन की ओर से सख्त निर्देश जारी किए जाएं, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

यह प्रदर्शन वार्ड नंबर-14 के अध्यक्ष शाहनूर चौधरी और वार्ड नंबर-15 के अध्यक्ष इंदरजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस मौके पर महासचिव वीरेन्द्र कुमार सूद, एडवोकेट जीवा राज, एडवोकेट अमित कुमार, गौतम दीपक कुमार, शशि कुमार, मीरा पाठक, अनोखे लाल, राजदुलारी और यशोदा देवी सहित कई लोग मौजूद रहे।