शिक्षा: हिमाचल के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी बागवानी, 9वीं से 12वीं तक शुरू होगा व्यावसायिक कोर्स

13 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  Himachal Pradesh Board of School Education राज्य के स्कूलों में बड़ा शैक्षिक बदलाव करने जा रहा है। बोर्ड ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक बागवानी को व्यावसायिक विषय के रूप में शुरू करने की तैयारी की है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों और स्वरोजगार से जोड़ना है।

इस नए पाठ्यक्रम को अंतिम मंजूरी के लिए National Council for Vocational Training को भेजा गया है। योजना है कि इसे शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सरकारी और संबद्धता प्राप्त स्कूलों में लागू किया जाए।

व्यावहारिक प्रशिक्षण पर रहेगा जोर

इस कोर्स में छात्रों को सिर्फ सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसमें पौध तैयार करना, आधुनिक खेती तकनीक, रोग नियंत्रण और उद्यान प्रबंधन जैसी जानकारी शामिल होगी। साथ ही विद्यार्थियों को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी बारीकियां भी सिखाई जाएंगी।

राज्य की अर्थव्यवस्था से जुड़ा विषय

हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सेब, कीवी, आड़ू, प्लम और नाशपाती जैसे फलों की खेती अहम भूमिका निभाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूल स्तर पर बागवानी को शामिल करने का फैसला लिया गया है।

बोर्ड को हाल ही में “ड्यूल कैटेगरी” का दर्जा मिला है, जिसके तहत वह राज्य की भौगोलिक और आर्थिक जरूरतों के अनुसार व्यावसायिक पाठ्यक्रम तैयार कर सकता है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल छात्रों को कौशल आधारित शिक्षा देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद करेगी।