13 March 2026 Fact Recorder
Business Desk: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को भी गिरावट का रुख देखने को मिला। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बाजार लाल निशान में खुला। शुरुआती कारोबार में BSE Sensex 571.34 अंक यानी 0.75% गिरकर 75,463.09 अंक पर आ गया। वहीं NSE Nifty 50 164.65 अंक यानी 0.70% टूटकर 23,474.50 अंक पर पहुंच गया।
इससे पहले गुरुवार को भी बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 829.29 अंक गिरकर 76,034.42 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 227.70 अंक फिसलकर 23,639.15 अंक पर बंद हुआ था।
बाहरी कारकों से बाजार पर दबाव
विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक परिस्थितियों का असर भारतीय बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। Geojit Financial Services के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार का कहना है कि बाहरी प्रतिकूल परिस्थितियों ने बाजार को कमजोर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय बाजार में Brent Crude Oil की कीमत फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंचने से निवेशकों की चिंता बढ़ी है।
एफआईआई की बिकवाली से दबाव
बाजार में घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) लगातार खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली के कारण बाजार पर दबाव बना हुआ है। वैश्विक अनिश्चितता के बीच एफआईआई अपनी निवेश रणनीति बदलते नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे बाजार में कमजोरी बनी हुई है।













