ट्राईसिटी में LPG संकट: गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें, होटलों ने बदले मेन्यू; जमाखोरी रोकने को प्रशासन सख्त

12 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में घरेलू व कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित, होटल-रेस्तरां वैकल्पिक इंतजाम करने को मजबूर Chandigarh, Mohali और Panchkula में इन दिनों Liquefied Petroleum Gas (LPG) की सप्लाई को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए दिए गए फोन नंबर या तो काम नहीं कर रहे या लगातार कॉल करने पर भी जवाब नहीं मिल रहा।

सप्लाई प्रभावित होने से वितरण में दिक्कत

कई गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि कंपनियों से सिलेंडरों की नियमित सप्लाई नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण मांग के अनुसार वितरण करना मुश्किल हो गया है। कॉमर्शियल सिलेंडरों की कमी के चलते होटल और ढाबों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जिन प्रतिष्ठानों को पांच सिलेंडरों की जरूरत होती है, उन्हें फिलहाल एक सिलेंडर से ही काम चलाना पड़ रहा है।

होटलों ने बदला मेन्यू

सेक्टर-35, सेक्टर-7 और सेक्टर-26 के कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के अनुसार गैस की कमी के कारण उन्हें अपने मेन्यू में बदलाव करना पड़ा है। जिन व्यंजनों में गैस की खपत ज्यादा होती है, उन्हें अस्थायी रूप से मेन्यू से हटा दिया गया है। कुछ जगहों पर पीएनजी गैस उपलब्ध होने के कारण कामकाज जारी है, लेकिन एलपीजी पर निर्भर होटल और ढाबे ज्यादा प्रभावित हैं।

कोयले की भट्टी और इंडक्शन का सहारा

कॉमर्शियल गैस की कमी से निपटने के लिए कई रेस्टोरेंट संचालकों ने वैकल्पिक उपाय शुरू कर दिए हैं। कुछ जगहों पर कोयले की भट्टी और इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि गैस की खपत कम की जा सके।

घरेलू सिलेंडर के लिए भी कतारें

घरेलू एलपीजी सिलेंडर के लिए भी कई स्थानों पर लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। एजेंसियों के अनुसार नए नियमों के तहत 25 दिन पूरे होने के बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक किया जा सकता है, लेकिन कई उपभोक्ता इससे पहले ही बुकिंग की कोशिश कर रहे हैं, जिससे भ्रम और भीड़ की स्थिति बन रही है।

पंचकूला में डिलीवरी में देरी

Panchkula में कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी पांच दिन तक नहीं मिल रही। वहीं कॉमर्शियल सिलेंडरों की कमी के कारण कैटरिंग और होटल कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। कुछ कारोबारियों ने तो नई बुकिंग लेना भी बंद कर दिया है।

प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती

स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने गैस एजेंसियों पर निगरानी बढ़ा दी है। डिप्टी कमिश्नर Nishant Kumar Yadav ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत गैस एजेंसियों के बाहर पुलिस तैनात की जाएगी और एलपीजी स्टॉक की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।

साथ ही फूड एंड सप्लाई विभाग की टीमें एजेंसियों का औचक निरीक्षण करेंगी। यदि कहीं जमाखोरी या ओवरचार्जिंग पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ईरान-इजराइल तनाव के बीच समीक्षा बैठक

इस बीच Gulab Chand Kataria ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि शहर में ईंधन और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और घबराकर गैस की अतिरिक्त बुकिंग न करें।