12 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: 15 से 18 मार्च तक शिक्षक दे सकेंगे सहमति, 21 से 25 मार्च के बीच भरेंगे पसंदीदा स्टेशन हरियाणा में PM SHRI Schools और मॉडल संस्कृति स्कूलों के लिए ट्रांसफर ड्राइव का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत अब सामान्य सरकारी स्कूलों में कार्यरत वे शिक्षक भी इन स्कूलों में ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने इसके लिए जरूरी पात्रता परीक्षा पहले ही पास कर रखी है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार आज से 14 मार्च तक पोर्टल पर उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी दिखाई जाएगी। इसके बाद 15 से 18 मार्च के बीच ट्रांसफर ड्राइव में भाग लेने के इच्छुक शिक्षक पोर्टल पर अपनी सहमति दर्ज कर सकेंगे।
विभाग द्वारा प्राप्त सहमति के आधार पर 19 और 20 मार्च को पोर्टल पर उपलब्ध सीटों और वैकेंसी की संख्या प्रदर्शित की जाएगी।
21 मार्च से भर सकेंगे चॉइस
नए स्टेशन पर जाने के इच्छुक नियमित शिक्षक 21 से 25 मार्च तक अपनी पसंद के स्कूलों की चॉइस भर सकेंगे। इसके बाद 26 से 28 मार्च के बीच उन्हें स्टेशन अलॉट किए जाएंगे।
वहीं गेस्ट टीचर्स के लिए चॉइस भरने की तिथि 29 मार्च से 1 अप्रैल तक निर्धारित की गई है, जबकि उन्हें 2 से 4 अप्रैल के बीच स्टेशन आवंटित किए जाएंगे। हालांकि नियमित और गेस्ट शिक्षकों के लिए चॉइस भरने और स्टेशन अलॉट करने की तिथियां अलग रखी गई हैं, लेकिन दोनों को एक साथ ही रिलीव किया जाएगा।
जुलाई तक हो सकती है रिलीविंग
शिक्षा विभाग के अनुसार ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षकों को नए स्टेशन पर तैनाती दी जाएगी। हालांकि संभावना है कि Indian Census से जुड़े कार्यों के चलते शिक्षकों की रिलीविंग जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह तक हो सकती है।









