12 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: जम्मू में नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री Farooq Abdullah पर फा*यरिंग की घटना सामने आई है। गोलीबारी उस समय हुई जब वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे। घटना में वह बाल-बाल बच गए। उस वक्त जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम Surinder Choudhary भी उनके साथ मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक Farooq Abdullah जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से बाहर निकलकर जैसे ही वह अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अचानक गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को पकड़ लिया और हथियार छीनकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से Farooq Abdullah को मारना चाहता था और उसे बुधवार को मौका मिला। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं और यह भी जांच की जा रही है कि वह हथियार लेकर कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचा।
घटना के बाद पूरे जम्मू शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अल्लाह की मेहरबानी से उनके पिता सुरक्षित हैं।
इस घटना को सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।











